नेपाल के काभ्रेपलाञ्चोक जिले स्थित नमोबुद्ध नगरपालिका में श्री जनक माध्यमिक विद्यालय और श्री जनहित माध्यमिक विद्यालय के नए भवनों के निर्माण के लिए ३ अगस्त २०२६ को आधारशिला रखी गई। काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास के प्रथम सचिव नारायण सिंह, नमोबुद्ध नगरपालिका के प्रमुख कुन्सांग लामा और नेपाल सरकार के शिक्षा एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय स्तर परियोजना कार्यान्वयन इकाई के परियोजना निदेशक लक्ष्मी प्रसाद भट्टराई ने संयुक्त रूप से यह आधारशिला रखी। इस अवसर पर नेपाल सरकार के अधिकारी, शिक्षक, छात्र, मीडिया प्रतिनिधि और स्थानीय हितधारक उपस्थित थे।

ये दोनों परियोजनाएं भारत सरकार के भूकंप पश्चात पुनर्निर्माण अनुदान सहायता कार्यक्रम के तहत कार्यान्वित की जा रही हैं। नमोबुद्ध वार्ड नंबर ४ में स्थित श्री जनक माध्यमिक विद्यालय परियोजना की अनुमानित लागत ६.३५ करोड़ रुपये है, जिसके तहत दो ब्लॉक में १८ कक्षाएं, विज्ञान प्रयोगशालाएं, एक पुस्तकालय और प्रशासनिक कार्यालय बनाए जाएंगे। वहीं श्री जनहित माध्यमिक विद्यालय की परियोजना ५.५० करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से तैयार की जाएगी, जिसमें दो ब्लॉक के भीतर सात कक्षाएं, विज्ञान प्रयोगशालाएं, प्रशासनिक कार्यालय और समर्पित स्वच्छता सुविधाएं शामिल होंगी।

इस अवसर पर परियोजना निदेशक लक्ष्मी प्रसाद भट्टराई ने नेपाल में शैक्षणिक अवसंरचना के पुनर्निर्माण के लिए भारत सरकार द्वारा प्रदान की जा रही तकनीकी और वित्तीय सहायता के प्रति आभार व्यक्त किया। मेयर कुन्सांग लामा ने भारत सरकार की विकास सहायता की सराहना करते हुए कहा कि बुनियादी ढांचे के उन्नयन से छात्रों और शिक्षकों के लिए सीखने का माहौल बेहतर होगा। प्रथम सचिव नारायण सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम भारत और नेपाल के बीच मजबूत विकास साझेदारी को दर्शाता है, जिसके तहत भारत ने नेपाल भर में ८५ शैक्षणिक संस्थानों, १३३ स्वास्थ्य सुविधाओं, ३० सांस्कृतिक विरासत स्थलों और ५०,००० निजी घरों के पुनर्निर्माण में सहयोग दिया है।

यह पहल नेपाल सरकार के पुनर्निर्माण प्रयासों का समर्थन करते हुए क्षेत्र में दीर्घकालिक शैक्षणिक अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य करेगी।