भारतीय थल सेनाध्यक्ष जनरल धीरज सेठ ने 16 से 19 अगस्त 2026 तक नेपाल की चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा संपन्न की है। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय रक्षा सहयोग का विस्तार करना और सुरक्षा साझेदारी को अधिक मजबूत बनाना था।

16 अगस्त को काठमांडू पहुंचने पर जनरल सेठ का नेपाली सेना के वरिष्ठ अधिकारियों और काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास के प्रतिनिधियों ने स्वागत किया। 17 अगस्त को उन्होंने टुंडीखेल स्थित सैन्य मंच पर अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की और नेपाली सेना मुख्यालय में गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया।

नेपाली सेना के थल सेनाध्यक्ष जनरल अशोक राज सिग्देल के साथ बैठक के दौरान जनरल सेठ ने आपदा तैयारियों और मानवीय सहायता क्षमताओं को बढ़ाने के लिए वाहन और चिकित्सा उपकरण सौंपे। उसी दिन शीतल निवास में आयोजित समारोह में नेपाल के सम्माननीय राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल ने जनरल सेठ को नेपाली सेना के मानद जनरल की उपाधि से विभूषित किया।

ADVERTISEMENT Xtreme - Inside

18 अगस्त को जनरल सेठ ने शिवपुरी स्थित नेपाली सेना कमांड एंड स्टाफ कॉलेज का दौरा किया और संकाय सदस्यों तथा छात्रों के साथ संवाद किया। इसके बाद उन्होंने नेपाल के सम्माननीय प्रधानमंत्री से शिष्टाचार मुलाकात की और दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे रक्षा सहयोग पर चर्चा की।

यात्रा के अंतिम दिन 19 अगस्त को जनरल सेठ ने पोखरा का दौरा किया और पूर्व सैनिकों, वीर नारियों तथा वीरता पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया। उन्होंने कोहलपुर में भूतपूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ईसीएचएस) पॉलीक्लिनिक को भी पूर्व सैनिकों की सेवा में समर्पित किया।

इस आधिकारिक यात्रा ने भारत और नेपाल के बहुआयामिक संबंधों को मजबूत करने तथा रक्षा एवं सुरक्षा के विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को गहरा करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।