बिजली निर्यात के जरिए नेपाल की अर्थव्यवस्था को बड़ा सहारा मिलने जा रहा है। भारतीय पक्ष ने आज नेपाल से भारत को 615.02 मेगावाट बिजली निर्यात करने की औपचारिक मंजूरी दे दी है, जिससे नेपाल को भारी राजस्व प्राप्त होने का रास्ता साफ हो गया है।
इस मंजूरी के तहत नेपाल से यह बिजली चार प्रमुख क्रॉस-बॉर्डर ट्रांसमिशन लाइनों के माध्यम से भारत भेजी जाएगी। इनमें मुजफ्फरपुर-ढल्केबर 400 केवी डीसी लाइन के साथ-साथ 132 केवी क्षमता वाली कटैया-कुशाहा, रक्सौल-परवानीपुर और रामनगर-सुरजपुरा ट्रांसमिशन लाइनें शामिल हैं।
नेपाल के लिए बिजली निर्यात राजस्व का एक अहम स्रोत बनकर उभरा है, जहां पिछले वित्त वर्ष में भारत को हुए शुद्ध बिजली निर्यात से नेपाल ने लगभग 1,800 करोड़ नेपाली रुपये की कमाई की थी। नई मंजूरी मिलने के बाद इन चारों ट्रांसमिशन कॉरिडोर से बिजली आपूर्ति सुचारु होने से आने वाले समय में नेपाल के राजस्व और क्षेत्रीय ऊर्जा सहयोग में और तेजी आने की उम्मीद है।