नेपाल के कोशी प्रांत के अंतर्गत झापा जिले के शिवसताक्षी नगरपालिका-६ स्थित श्री जन आदर्श माध्यमिक विद्यालय के भवन निर्माण कार्य का आज संयुक्त रूप से शिलान्यास किया गया। इस नए भवन का शिलान्यास कोशी प्रांत सभा के सदस्य माननीय श्री राधाकृष्ण खनाल, शिवसताक्षी नगरपालिका के मेयर श्री मेगाहाङ्ग थोप्रा और काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास की द्वितीय सचिव सुश्री गरिमा नौटियाल द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

भारत सरकार की आर्थिक सहायता से लगभग ३ करोड़ नेपाली रुपये की लागत से इस विद्यालय भवन का निर्माण किया जा रहा है। उच्च प्रभाव सामुदायिक विकास परियोजना के तहत इस निर्माण कार्य को झापा की शिवसताक्षी नगरपालिका के माध्यम से क्रियान्वित किया जाएगा।
शिलान्यास समारोह के दौरान शिवसताक्षी नगरपालिका के मेयर और अन्य हितधारकों ने भारत सरकार द्वारा प्रदान की जा रही विकास सहायता की सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह नया बुनियादी ढांचा शिवसताक्षी नगरपालिका के छात्रों और शिक्षकों के लिए सीखने के माहौल को मजबूत करने में मदद करेगा।

निकटतम पड़ोसी के रूप में भारत और नेपाल के बीच व्यापक और बहुपक्षीय सहयोग रहा है। उच्च प्रभाव सामुदायिक विकास परियोजना का कार्यान्वयन प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे का विकास करने के साथ-साथ विकास और समृद्धि को आगे बढ़ाने के नेपाल सरकार के प्रयासों को सुदृढ़ करने के प्रति भारत सरकार के निरंतर सहयोग को दर्शाता है।
इस शैक्षणिक बुनियादी ढांचा परियोजना की शुरुआत दोनों देशों के बीच आपसी सहयोग को और सुदृढ़ करने तथा स्थानीय स्तर पर शैक्षिक सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है।