काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास और वीरगंज स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने २१ जून २०२६ को १२वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नेपाल के विभिन्न क्षेत्रों में २२ योग कार्यक्रमों का आयोजन किया। इन आयोजनों में नेपाल के ११ शहरों और नगर पालिकाओं के १३,००० से अधिक योग उत्साही लोगों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इन शहरों में काठमांडू, पोखरा, लमजुंग, लुम्बिनी, जनकपुर, चितवन, वीरगंज, हेटौंडा, सखुवा प्रसौनी, पोखरिया और बरियारपुर शामिल हैं।

इस वर्ष के विषय "स्वस्थ बुढ़ापे के लिए योग" के अनुरूप भारतीय दूतावास ने १५ मई २०२६ को पवित्र पशुपतिनाथ मंदिर में एक योग प्रदर्शन के साथ इस उत्सव की शुरुआत की थी। इसके बाद काठमांडू घाटी के छह यूनेस्को विश्व धरोहर स्थलों पशुपतिनाथ मंदिर, काठमांडू दरबार स्क्वायर, बौद्धनाथ स्तूप, स्वयंभूनाथ स्तूप, चांगु नारायण मंदिर और पाटन दरबार स्क्वायर में योग आसनों का प्रदर्शन किया गया, जिसमें स्थानीय अधिकारियों, मशहूर हस्तियों, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और भारतीय प्रवासियों ने भाग लिया।

शिक्षा के क्षेत्र में योग को बढ़ावा देने के लिए ५ जून २०२६ को काठमांडू के केंद्रीय विद्यालय परिसर में एक योग सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें २०० से अधिक छात्र शामिल हुए। इसके अतिरिक्त दूतावास ने १६ जून २०२६ को त्रिभुवन विश्वविद्यालय के आयुर्वेद कैंपस के साथ मिलकर एक योग कार्यक्रम और आयुर्वेद एक्सपो का आयोजन किया। इस एक्सपो में छात्रों के लिए आयुर्वेदिक उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई और मानसिक कल्याण के लिए आयुर्वेद के महत्व पर एक व्याख्यान भी आयोजित किया गया।

योग के इन कार्यक्रमों को देश के प्रसिद्ध प्राकृतिक और आध्यात्मिक स्थलों तक भी पहुँचाया गया, जिसके तहत १९ जून २०२६ को लमजुंग में मध्य नेपाल नगरपालिका के सहयोग से योग प्रदर्शन किया गया। पोखरा के सारंगकोट, पुम्दीकोट स्थित शिव मंदिर और शांति स्तूप में योग सत्र आयोजित किए गए, जिसके बाद २० जून २०२६ को फेवा झील के किनारे ४०० से अधिक लोगों की उपस्थिति में एक बड़ा सत्र संपन्न हुआ। इसी दिन लुम्बिनी विकास ट्रस्ट के सहयोग से मायादेवी मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में लुम्बिनी के माननीय राज्यपाल कृष्ण बहादुर घर्ती मगर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जहाँ ६०० से अधिक लोगों ने योग किया।

इस वर्ष के योग उत्सव का मुख्य आकर्षण २१ जून २०२६ को पोखरा के रंगशाला स्टेडियम में आयोजित भव्य योग प्रदर्शन रहा, जिसमें ८,००० से अधिक योग साधकों ने भाग लिया। पोखरा महानगर पालिका के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में गण्डकी प्रांत के माननीय मुख्यमंत्री सुरेंद्र राज पांडे मुख्य अतिथि और नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। वीरगंज स्थित महावाणिज्य दूतावास ने भी जनकपुर, चितवन, वीरगंज, हेटौंडा, सखुवा प्रसौनी, पोखरिया और बरियारपुर में कार्यक्रमों का संचालन कर भारत और नेपाल के बीच मजबूत जन-संबंधों को प्रदर्शित किया।