आईसीसी क्रिकेट विश्व कप लीग-2 के घरेलू चरण के अंतिम मुकाबले में नेपाल ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएसए) को 122 रनों के विशाल अंतर से शिकस्त दे दी है। कीर्तिपुर के टीयू क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मैच में नेपाल के दबदबे के आगे अमेरिकी टीम पस्त नजर आई।

नेपाल द्वारा दिए गए 317 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमेरिकी टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और 41.2 ओवरों में महज 195 रनों पर सिमट गई।

मेहमान टीम के लिए संजय कृष्णमूर्ति ने सबसे अधिक 56 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई मजबूत सहयोग नहीं मिला। नेत्र केन्जिगे ने 29 और शयान जहांगीर ने 27 रनों का योगदान दिया, जबकि कप्तान शैतेजा मुक्कामुल्ला केवल 22 रन ही बना सके।

नेपाल की ओर से कलाई के जादूगर संदीप लामिछाने ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3 बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया। वहीं दीपेंद्र सिंह ऐरी, ललित राजवंशी और गुलशन झा ने बेहतरीन लाइन-लेंथ से गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट अपने नाम किए, जबकि सोमपाल कामी को 1 सफलता मिली।

इससे पहले, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नेपाली टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 8 विकेट खोकर 317 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया था। इस बड़े स्कोर की नींव बल्लेबाज ईशान पांडे और उप-कप्तान दीपेंद्र सिंह ऐरी की शानदार अर्धशतकीय पारियों ने रखी।

ईशान पांडे ने लगातार दूसरे मैच में अपना फॉर्म जारी रखते हुए 83 गेंदों में 8 चौकों और 1 छक्के की मदद से 84 रनों की बेहतरीन पारी खेली। उन्होंने तीसरे विकेट के लिए कप्तान रोहित पौडेल (46 रन) के साथ 110 रनों की शतकीय साझेदारी की।

इससे पहले सलामी बल्लेबाज आसिफ शेख और कुशल भुर्टेल ने पहले विकेट के लिए 69 रन जोड़कर टीम को ठोस शुरुआत दी थी। आसिफ ने 43 और कुशल ने 29 रन बनाए। अंत के ओवरों में उप-कप्तान दीपेंद्र सिंह ऐरी ने आक्रामक रुख अपनाते हुए महज 36 गेंदों में 4 चौके और 4 छक्के जड़कर 59 रन कूट डाले। आरिफ शेख 17 रन पर नाबाद लौटे।

अमरीकी गेंदबाजों में शुभम रंजने ने 2 विकेट चटकाए, जबकि मिलिंद कुमार और रुशिल उगर्कर को 1-1 विकेट की संतुष्टि मिली।

इस धमाकेदार जीत के साथ नेपाल ने अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम बढ़ाया है, जो भविष्य के मैचों के लिए टीम के इरादे स्पष्ट करता है।