कोंडागांव, छत्तीसगढ़ — जंगलों के अंधाधुंध दोहन और प्राकृतिक आवासों के विनाश के कारण जहां एक ओर दुर्लभ औषधीय वनस्पतियां तेजी से विलुप्त हो रही हैं, वहीं छत्तीसगढ़ के बस्तर में पिछले 25 वर्षों से जारी एक शोध अभियान प्राकृतिक धरोहर को बचाने में मिसाल बन रहा है। लगभग पांच एकड़ में फैले 'मां दंतेश्वरी एथनिक हर्बल गार्डन' में तेलिया कंद, हिरनतूतिया, मंजूर गोड़ी, रसना जड़ी और कुरवां जड़ी जैसी विलुप्ति की कगार पर पहुंची 340 दुर्लभ प्रजातियों का उनके प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र में संरक्षण और संवर्धन किया जा रहा है।

आयुर्वेद के जनक भगवान धन्वंतरि के अवतरण दिवस और धनतेरस के पावन अवसर पर मां दंतेश्वरी हर्बल परिसर के बइठका हॉल में आयोजित विशेष समारोह में इस पारिस्थितिकीय संरक्षण पहल को प्रमुखता से रेखांकित किया गया। यह कार्यक्रम आयुर्वेद विश्व परिषद, एमडी बोटैनिकल्स, जनजातीय शोध एवं कल्याण संस्थान, संपदा तथा मां दंतेश्वरी हर्बल समूह के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ आयुर्वेद विश्व परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजाराम त्रिपाठी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और पूजन के साथ किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए एमडी बोटैनिकल्स की अभियान प्रमुख अपूर्वा त्रिपाठी ने कहा कि वर्तमान में हर्बल उत्पादों की वैश्विक मांग में भारी बढ़ोतरी हुई है, लेकिन बाजार में प्रामाणिक और शुद्ध उत्पादों की उपलब्धता एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। उन्होंने बताया कि बस्तर की आदिवासी महिलाओं द्वारा उगाई जा रही जैविक जड़ी-बूटियों को 'एमडी बोटैनिकल्स' ब्रांड के रूप में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और उनके सदियों पुराने पारंपरिक ज्ञान को वैश्विक मंच पर सम्मान दिलाना है।

आयुर्वेद विश्व परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजाराम त्रिपाठी ने चेतावनी दी कि प्राकृतिक स्रोतों के घटने और मांग बढ़ने से बाजार में मिलावटी व नकली हर्बल उत्पादों का प्रसार चिंताजनक रूप से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बस्तर सहित देश के विभिन्न वन क्षेत्रों से दुर्लभ वनस्पतियों का गायब होना केवल पर्यावरण का नुकसान नहीं है, बल्कि यह हमारी हजारों वर्षों की पारंपरिक चिकित्सा प्रणाली और वनवासी समुदायों के संचित ज्ञान के लिए भी गहरा आघात है। 25 वर्षों की साधना से विकसित मां दंतेश्वरी हर्बल गार्डन का उद्देश्य इन वनस्पतियों की भावी पीढ़ियों के लिए निरंतरता सुनिश्चित करना है।

संस्था की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि 12 जनवरी 1952 को आचार्य डॉ. प्रभाकर मिश्र (1008 शंकराचार्य प्रभानंद सरस्वती), तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री के.एम. मुंशी और भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद के मार्गदर्शन में आयुर्वेद विश्व परिषद की स्थापना हुई थी। वर्तमान में धन्वंतरि अखाड़े के प्रमुख आचार्य उदय मिश्र के मार्गदर्शन में कार्य कर रही यह संस्था विश्व भर में आयुर्वेद को केवल एक चिकित्सा पद्धति नहीं, बल्कि एक समग्र जीवन विज्ञान (Life Science) के रूप में स्थापित करने के लिए प्रयासरत है।

कार्यक्रम के अंत में मां दंतेश्वरी हर्बल समूह की अध्यक्ष जसमती नेताम, संपदा की महासचिव शिप्रा त्रिपाठी, मां दंतेश्वरी हर्बल प्रोडक्ट्स के डायरेक्टर अनुराग कुमार, एमडी बोटैनिकल्स के सीईओ केविन कुमार और मिशन लीडर कृष्णा नेताम सहित सभी गणमान्य सदस्यों ने दुर्लभ वनौषधियों और उनके प्राकृतिक आवास की सुरक्षा की शपथ ली। कार्यक्रम ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि आयुर्वेद की वास्तविक रक्षा तभी संभव है जब उन जंगलों, जैव विविधता और जनजातीय समुदायों को संरक्षित किया जाए जो इस प्राचीन ज्ञान के सच्चे संरक्षक हैं।