भारत और नेपाल के बीच बिजली क्षेत्र सहयोग पर संयुक्त संचालन समिति की १३वीं बैठक आज पोखरा में आयोजित की गई। द्विपक्षीय ऊर्जा सहयोग की व्यापक समीक्षा करने के लिए आयोजित इस उच्च स्तरीय बैठक की सह-अध्यक्षता भारत सरकार के बिजली मंत्रालय के सचिव पंकज अग्रवाल और नेपाल सरकार के ऊर्जा, जलस्रोत तथा सिंचाई मंत्रालय की सचिव सरिता दवाडी ने की। इस संचालन समिति की बैठक से पहले मंगलवार को बिजली क्षेत्र सहयोग पर संयुक्त कार्य समूह की १३वीं बैठक हुई थी, जिसकी सह-अध्यक्षता भारत के संयुक्त सचिव पंकज कुमार और नेपाल के संयुक्त सचिव संदीप कुमार देव ने की थी।

बैठकों के दौरान दोनों पक्षों ने जलविद्युत परियोजनाओं के विकास, बिजली व्यापार और पारेषण बुनियादी ढांचे सहित द्विपक्षीय बिजली क्षेत्र सहयोग की विस्तार से समीक्षा की। दोनों पक्षों ने ४०० केवी गोरखपुर-न्यू बुटवल लाइन सहित नई पारेषण लाइनों के विकास पर हुई प्रगति की सराहना की। इसके साथ ही दोनों देशों ने चल रही और परिकल्पित बिजली उत्पादन तथा पारेषण परियोजनाओं के कार्यान्वयन को तेज और सुगम बनाने के तौर-तरीकों पर चर्चा की।

इसके अतिरिक्त बैठकों में भारतीय और नेपाली ग्रिडों के समन्वित संचालन, सौर परियोजनाओं के विकास, ग्रीन हाइड्रोजन में सहयोग और नेपाली विशेषज्ञों की क्षमता निर्माण पर चर्चा की गई। संयुक्त संचालन समिति की बैठक से पहले भारत के बिजली सचिव पंकज अग्रवाल ने मंगलवार को नेपाल के माननीय ऊर्जा, जलस्रोत तथा सिंचाई मंत्री विराजभक्त श्रेष्ठ से मुलाकात की थी।

संयुक्त संचालन समिति में हुई यह चर्चा भारत और नेपाल के बीच बिजली क्षेत्र में सहयोग को और अधिक मजबूत बनाने तथा दोनों देशों के ऊर्जा संबंधों को नई दिशा देने में योगदान देगी।