गाजियाबाद — देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले महावीर चक्र विजेता कैप्टन जीएस सूरी की 27वीं पुण्य तिथि पर शास्त्री नगर में एक गरिमामय श्रद्धांजलि एवं स्मृति समारोह का आयोजन किया गया। कैप्टन जीएस सूरी एमवीसी मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा 9 नवंबर को जी-ब्लॉक स्थित कैप्टन सूरी पार्क में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शहीद के अप्रतिम शौर्य, राष्ट्रभक्ति और बलिदान की गाथा को याद करना रहा।
सुबह 10 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में मेजर जनरल रवि दूसाज (एडीजी प्रोसेसिंग बी) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गोविंद सिंह चंदेल एवं क्षेत्रीय विधायक अजीत पाल त्यागी ने कैप्टन सूरी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके अदम्य साहस और देश के प्रति समर्पण को नमन किया।
इस आयोजन को सफल बनाने में पूर्व सैनिक कल्याण संघ गाजियाबाद, आतंकवाद विरोधी मोर्चा गाजियाबाद, जी-ब्लॉक आरडब्ल्यूए तथा पार्षद अमित त्यागी ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। कार्यक्रम के संयोजक एवं आमंत्रक सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल टीपीएस सूरी ने समारोह में पहुंचकर वीर सपूत को नमन करने वाले नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन बी सी बसल ने किया। इस अवसर पर विशेष रूप से एस एसपी सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं आतंकवाद विरोधी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एस हरप्रीत सिंह जग्गी, अर्जुन चौधरी, गगन अरोड़ा, गुरजीत सिंह तथा पार्षद अमित त्यागी सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि कैप्टन सूरी जैसे वीरों का बलिदान सदैव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।