नेपाल की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (रास्वपा) के अध्यक्ष रबी लामिछाने और पूर्व महासचिव डॉ. मुकुल ढकाल के बीच महीनों से चली आ रही तल्खी और संवादहीनता आखिरकार खत्म हो गई है। पार्टी की सह-महासचिव एवं सांसद निशा डांगी के साथ होने जा रही अपनी शादी का पारिवारिक न्योता देने ढकाल खुद लामिछाने के आवास पहुंचे, जिससे दोनों नेताओं के निजी रिश्तों में जमी बर्फ पिघल गई है।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, मुकुल और निशा मंगलवार शाम शादी का कार्ड लेकर लामिछाने के बुढानिलकण्ठ स्थित आवास पहुंचे थे। दोनों ने रबी लामिछाने और उनकी पत्नी निकिता को सपरिवार शादी में शामिल होने का न्योता दिया, जिसे स्वीकार करते हुए लामिछाने दंपती ने समारोह में आने का वादा किया और चारों के बीच आत्मीय पारिवारिक माहौल में बातचीत हुई।

विवाह के निमंत्रण की इसी कड़ी में दोनों ने बीते कल सुबह स्पीकर डीपी अर्याल के घर पहुंचकर उन्हें भी सपरिवार आमंत्रित किया। स्पीकर अर्याल और उनकी पत्नी अंबिका ने भी न्योता स्वीकार करते हुए विवाह समारोह में शिरकत करने की सहमति दी है।

मुकुल और निशा लंबे समय से प्रेम संबंध में थे और इसकी जानकारी पार्टी हलकों में भी थी, लेकिन महासचिव पद से हटाए जाने के बाद लामिछाने व अन्य नेताओं से मुकुल के रिश्ते बेहद ठंडे पड़ गए थे। पार्टी नेतृत्व के साथ वैचारिक टकराव के बावजूद मुकुल और निशा का रिश्ता कायम रहा, जबकि निशा ने पार्टी में सक्रिय रहते हुए महाधिवेशन के जरिए सह-महासचिव का पद हासिल किया।

राजनीतिक उथल-पुथल के दौर से गुजरकर अपने रिश्ते को मुकाम तक पहुंचा रहा यह जोड़ा आगामी 10 तारीख को विवाह के बंधन में बंधने जा रहा है। शादी की तैयारियों के लिए मुकुल काठमांडू से विराटनगर पहुंच चुके हैं, जहां से बारात झापा के लिए रवाना होगी।