संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दुबई स्थित ताज बिजनेस बे में आयोजित 'दीप उत्सव 2026' के मंच से उत्तर प्रदेश के बदलते औद्योगिक परिदृश्य और बुनियादी ढांचे की प्रगति को वैश्विक स्तर पर रेखांकित किया गया। इंडियन पीपल्स फोरम (आईपीएफ) की उत्तर प्रदेश काउंसिल द्वारा 25 अक्टूबर को आयोजित इस भव्य समारोह में जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह मुख्य अतिथि तथा अनूपशहर विधायक संजय शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि धीरेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संदेश प्रवासी भारतीयों के समक्ष प्रस्तुत करते हुए उन्हें प्रदेश के विकास अभियान से जुड़ने और निवेश करने का औपचारिक निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब अपनी पुरानी अव्यवस्था की छवि को पीछे छोड़कर कानून-व्यवस्था, सुशासन और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के बल पर देश के अग्रणी औद्योगिक केंद्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने जेवर में निर्मित हो रहे नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को इस बदलाव का सबसे बड़ा प्रतीक करार दिया।
प्रवासी भारतीयों को भारत और प्रदेश की संस्कृति का सच्चा ब्रांड एंबेसडर बताते हुए विधायक सिंह ने कहा कि विदेशों में रह रहे उद्यमियों की ऊर्जा, अनुभव और पूंजी निवेश उत्तर प्रदेश को एक अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। समारोह में जनसेवा और राज्य के विकास में उत्कृष्ट योगदान के लिए विधायक धीरेंद्र सिंह और विधायक संजय शर्मा को आईपीएफ के राष्ट्रीय महासचिव राजीव रंजन द्वारा 'उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान' से नवाजा गया।
समारोह में आईपीएफ उत्तर प्रदेश काउंसिल के पदाधिकारियों महेश सिंह, बी.एस. चौहान, सुधीर त्रिपाठी, निधि शर्मा, रिचा गौतम सहित बड़ी संख्या में उद्योगपतियों और प्रवासियों की गरिमामय मौजूदगी रही। उत्तर प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ इस उत्सव का समापन हुआ।