आईसीसी पुरुष टी20 विश्वकप की तैयारी के तहत खेले गए पहले अभ्यास मुकाबले में नेपाल ने यूएईको सात विकेट से हराकर सकारात्मक संदेश दिया है।
चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए इस मैच में नेपाल ने 146 रन के लक्ष्य को 17 ओवर में हासिल कर लिया। उपकप्तान दीपेंद्र सिंह ऐरी और आरिफ शेख के बीच चौथे विकेट के लिए बनी नाबाद 103 रन की साझेदारी निर्णायक साबित हुई।
दीपेंद्र ने 31 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जबकि आरिफ 37 गेंदों पर 61 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों बल्लेबाजों ने दबाव में टीम को संभालते हुए लक्ष्य को आसान बना दिया।
इससे पहले यूएई ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 145 रन बनाए। करण केसी द्वारा पहले ओवर में कप्तान मोहम्मद वसीम का विकेट गिरने के बाद यूएई की पारी लय में नहीं आ सकी। साहिद खान 38 रन बनाकर नाबाद रहे।
नेपाल की गेंदबाजी में करण केसी और संदीप लामिछाने ने दो-दो विकेट लिए, जबकि दीपेंद्र ने किफायती प्रदर्शन के साथ एक विकेट हासिल किया।
नेपाल अब गुरुवार को कनाडा के खिलाफ दूसरा अभ्यास मैच खेलेगा और इसके बाद मुंबई में इंगलैंडके खिलाफ विश्वकप अभियान की शुरुआत करेगा।