अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने 30 अगस्त 2026 को एक यात्रा परामर्श जारी करते हुए अपने नागरिकों को नेपाल यात्रा के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है। देश भर के लिए 'लेवल 2' की एडवाइजरी जारी करते हुए सम्भावित अशांति और आपदा जोखिमों के प्रति आगाह किया गया है।

मंत्रालय के अनुसार, सितंबर 2025 में शुरू हुए देशव्यापी प्रदर्शन फिलहाल रुक गए हैं और सुरक्षा स्थिति स्थिर है। हालांकि, विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों में बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक प्रदर्शन होने और उनके हिंसक रूप लेने की आशंका बनी हुई है।

इसके अतिरिक्त, रसुवा जिले के रसुवागढ़ी-तिमुरे-स्याफ्रुबेसी क्षेत्र और नेपाल-चीन सीमा पारगमन बिंदु के लिए 'लेवल 4' यानी 'यात्रा न करें' का कड़ा निर्देश जारी किया गया है। यह फैसला बाढ़ से हुए नुकसान, बाधित परिवहन व संचार और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए लिया गया है।

एडवाइजरी में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की सीमित क्षमता और प्राकृतिक आपदाओं के जोखिम का भी उल्लेख किया गया है। अमेरिका ने अपने नागरिकों को पर्याप्त यात्रा बीमा कराने और स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की सलाह दी है।

नेपाल में मौजूद या यात्रा की योजना बना रहे यात्रियों को सतर्क रहने और ताजा परिस्थितियों पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है।