उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में भारत-नेपाल सीमा के पास सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने एक संदिग्ध अमेरिकी नागरिक को बिना किसी वैध यात्रा दस्तावेज के नेपाल जाने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कैलिफोर्निया, अमेरिका के रहने वाले 36 वर्षीय जॉर्डन ब्राउन के रूप में हुई है। सोनौली थाना क्षेत्र के मैनहवा इलाके में सीमा स्तंभ संख्या 516 के पास नियमित गश्त के दौरान एसएसबी की 22वीं बटालियन ने उसे रोकने का इशारा किया, जिसके बाद उसने भागने का प्रयास किया लेकिन सुरक्षा बलों ने उसे दबोच लिया।
महाराजगंज के अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि गिरफ्तारी के समय आरोपी के पास कोई वैध पहचान पत्र या पासपोर्ट नहीं था। पूछताछ के दौरान उसने दावा किया कि वह अमेरिकी नौसेना का पूर्व अधिकारी है। आरोपी के मुताबिक, वह टूरिस्ट वीजा पर थाईलैंड गया था, जहां उसका पासपोर्ट गुम हो गया। इसके बाद वह समुद्री रास्ते से श्रीलंका पहुंचा और वहां से 2 नवंबर, 2025 को जलमार्ग के जरिए भारत में दाखिल हुआ।
इस तरह वह पिछले सात महीनों से बिना पासपोर्ट के अवैध रूप से भारत में रह रहा था। इस दौरान वह मुख्य रूप से गोवा में रहा और हाल ही में गोवा से बेंगलुरु होते हुए नेपाल में प्रवेश करने के इरादे से सोनौली सीमा पर पहुंचा था।
एसएसबी की सहायक कमांडेंट प्रिया यादव ने बताया कि तलाशी के दौरान ब्राउन के पास से दो मोबाइल फोन और 31,460 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। एसएसबी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों द्वारा की गई शुरुआती पूछताछ के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सोनौली में उत्तर प्रदेश पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ आव्रजन और विदेशी अधिनियम की धारा 21/23 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसके दावों की सत्यता की जांच की जा रही है।