नेपाल के सुदूरपश्चिम प्रांत के दार्चुला जिले के शैल्यशिखर नगरपालिका-९ स्थित श्री गोकुलेश्वर माध्यमिक विद्यालय के नए भवन के निर्माण के लिए आज संयुक्त रूप से आधारशिला रखी गई। काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास के प्रथम सचिव श्री बसिस्ट नन्दन और शैल्यशिखर नगरपालिका के प्रमुख (मेयर) श्री विजय सिंह धामी ने संयुक्त रूप से इस परियोजना का शिलान्यास किया।

इस शैक्षणिक भवन का निर्माण भारत सरकार की लगभग ७५ मिलियन नेपाली रुपये (७.५ करोड़ रुपये) की वित्तीय सहायता से किया जा रहा है। उच्च प्रभाव सामुदायिक विकास परियोजना (एचआईसीडीपी) के तहत इस परियोजना का कार्यान्वयन शैल्यशिखर नगरपालिका के माध्यम से किया जाएगा। यह दार्चुला जिले में भारत सरकार द्वारा शुरू की गई ११ वीं उच्च प्रभाव सामुदायिक विकास परियोजना है।

कार्यक्रम के दौरान शैल्यशिखर नगरपालिका के मेयर और अन्य हितधारकों ने भारत सरकार द्वारा प्रदान की जा रही विकासात्मक सहायता की सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नए बुनियादी ढांचे से शैल्यशिखर नगरपालिका के छात्रों और शिक्षकों के लिए अध्ययन और अध्यापन के माहौल में सुधार होगा।
घनिष्ठ पड़ोसी के रूप में भारत और नेपाल विभिन्न प्राथमिक क्षेत्रों में व्यापक और बहु-क्षेत्रीय सहयोग में लगे हुए हैं। भारतीय दूतावास के अनुसार, इस प्रकार की सामुदायिक विकास परियोजनाओं का कार्यान्वयन प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ नेपाल सरकार के विकास प्रयासों में भारत के निरंतर समर्थन को दर्शाता है।