सुदूरपश्चिम प्रांत के कंचनपुर जिले के भीमदत्त नगरपालिका–१० स्थित श्री महेश्वर माध्यमिक विद्यालय के नए भवन निर्माण के लिए आज संयुक्त रूप से आधारशिला रखी गई। काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास के प्रथम सचिव श्री वशिष्ठ नंदन और भीमदत्त नगरपालिका की उप-प्रमुख श्रीमती नीलम लेखक जोशी ने संयुक्त रूप से शिलान्यास समारोह संपन्न किया।

यह नया स्कूल भवन भारत सरकार की लगभग १।९ करोड़ नेपाली रुपये की वित्तीय सहायता से बनाया जा रहा है। उच्च प्रभाव सामुदायिक विकास परियोजना के तहत भीमदत्त नगरपालिका के माध्यम से क्रियान्वित होने वाली यह परियोजना कंचनपुर जिले में संचालित ११वीं उच्च प्रभाव सामुदायिक विकास परियोजना है।

समारोह में उप-प्रमुख जोशी और अन्य हितधारकों ने भारत सरकार की ओर से दी जा रही विकास सहायता की सराहना करते हुए कहा कि इस बुनियादी ढांचे से छात्रों और शिक्षकों के लिए अध्ययन का माहौल बेहतर होगा। एक करीबी पड़ोसी होने के नाते भारत और नेपाल के बीच बहुपक्षीय सहयोग रहा है और यह परियोजना नेपाल सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप क्षेत्रीय समृद्धि को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम है।