मिशन स्माइल नेपाल ने अपने 9वें स्थापना दिवस के अवसर पर काठमांडू स्थित पशुपतिनाथ के प्रांगण में दीप प्रज्वलन और लाखबत्ती जलाकर दिवंगत आत्माओं के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की है। संस्था ने हाल ही में आई बाढ़ और भूस्खलन में जान गंवाने वाले नागरिकों, जेन-जी आंदोलन के दौरान मारे गए युवाओं और सभी शहीदों की स्मृति में दीप प्रज्वलित किए।

इस कार्यक्रम के माध्यम से संस्था ने सभी दिवंगतों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनकी स्मृति को न्याय, समानता, मानवाधिकार और मानवीय सेवा की निरंतरता से जोड़ा है।
सन् 2017 में स्थापित मिशन स्माइल नेपाल महिलाओं, बच्चों, युवाओं और सीमांत समुदायों के अधिकारों एवं सशक्तिकरण के क्षेत्र में काम करता आ रहा है। संस्था की अध्यक्ष जस्मिन ओझा ने कहा कि 9 वर्षों की यह यात्रा सेवा, सहकार्य और सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता की यात्रा रही है तथा आगामी दिनों में भी इसी उद्देश्य के साथ कार्य को निरंतरता दी जाएगी।
यह स्मृति आयोजन सामाजिक सेवा को नागरिक अधिकारों और सामुदायिक कल्याण के साथ जोड़ने के संस्था के निरंतर प्रयासों को रेखांकित करता है।