नेपाल में पर्यटन को आर्थिक विकास का प्रमुख आधार बनाने की आवश्यकता पर उद्योग जगत ने जोर दिया है।

होटल एसोसिएशन नेपाल के अध्यक्ष विनायक शाह ने कहा कि पर्यटन क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है, लेकिन इसके लिए स्पष्ट रणनीति का अभाव है। उन्होंने आगामी पांच वर्षों के लिए एक ठोस योजना तैयार करने की आवश्यकता बताई।

शाह ने सुझाव दिया कि पांच वर्षों में 50 लाख पर्यटकों को आकर्षित करने का लक्ष्य रखा जा सकता है। इसके लिए मजबूत नीतियां, कानूनी ढांचा और आवश्यक बुनियादी ढांचे का विकास जरूरी बताया गया है।

न्यूज एजेंसी नेपाल के अनुसार उन्होंने यह भी कहा कि पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचार-प्रसार बढ़ाना होगा। निजी क्षेत्र पहले से सक्रिय है, लेकिन स्पष्ट सरकारी नीति से इसकी भूमिका और मजबूत हो सकती है।

उन्होंने यह भी संकेत दिया कि संभावित मजबूत सरकार से पर्यटन क्षेत्र को उम्मीदें हैं। आने वाले समय में लिए गए निर्णय इस लक्ष्य की दिशा तय करेंगे।